नारलाई गांव में एक बुजुर्ग महिला के साथ लूट

नारलाई गांव में एक बुजुर्ग महिला के साथ लूट की वारदात हुई है। 26 अक्टूबर की रात करीब 3 बजे एक अज्ञात चोर ने महिला के पुश्तैनी घर में घुसकर उनका गला दबाया और सोने के गहने छीनकर फरार हो गया।
पीड़ित महिला की पहचान कंकुबाई के रूप में हुई है, जो नारलाई निवासी मोहनलाल की माता हैं। मोहनलाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी माता रात को गांव में स्थित अपने पुश्तैनी घर में सोने जाती हैं।
घटना वाली रात कंकुबाई खाना खाकर पुश्तैनी घर में सो रही थीं। रात करीब 3 बजे एक अज्ञात चोर मकान की जाली खोलकर अंदर घुस गया। चोर ने कंकुबाई का गला और मुंह दबाकर उनके कानों में पहने सोने के टोटी और झेला जबरदस्ती निकाल लिए।
गहने छीनने के बाद चोर मौके से फरार हो गया। कंकुबाई ने तुरंत अपने बेटे मोहनलाल को घटना की जानकारी दी। मोहनलाल मौके पर पुश्तैनी घर पहुंचे और चोर की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।