नियम तोड़ने पर 71 वाहन चालकों पर गिरी गाज
घोड़े का चौक से आमली का बास तक: नियम तोड़ने पर 71 वाहन चालकों पर गिरी गाज
हिम्मत सिंह के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस का एक्शन, एक ही दिन में 71 चालान
जोधपुर, 10 जुलाई। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की।
डीसीपी ट्रैफिक शहीन सी तथा एडीसीपी ट्रैफिक शालिनी राज के निर्देशन में ट्रैफिक इंस्पेक्टर हिम्मत सिंह के नेतृत्व में भीतरी शहर के घोड़े का चौक, वर्धमान हॉस्पिटल और आमली का बास स्टैंड क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, गलत पार्किंग करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 71 वाहन चालकों के चालान बनाए गए।
ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपनी एवं अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा वाहन निर्धारित स्थान पर ही पार्क करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमित रूप से कार्रवाई जारी रहेगी।