विश्व रेडक्रोस दिवस पर कार्यक्रम आयोजित

विश्व रेडक्रोस दिवस पर कार्यक्रम आयोजित

विश्व रेडक्रोस दिवस पर कार्यक्रम आयोजित

पाली, 8 मई।भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी पाली शाखा द्वारा 8 मई को विश्व रेडक्रोस दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत रेडक्रॉस सोसायटी कार्यालय में रेडक्रोस के संस्थापक हेनरी ड्यूनांट की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। उपस्थित सदस्यों ने मानव सेवा एवं परोपकार के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में बताया गया कि रेडक्रोस संस्था की स्थापना वर्ष 1863 में स्विट्जरलैंड में की गई थी। इसके संस्थापक हेनरी ड्यूनांट ने वर्ष 1859 के सोल्फेरिनो युद्ध में घायल सैनिकों की पीड़ा को देखकर एक ऐसी संस्था बनाने का विचार रखा, जो युद्ध, आपदा एवं संकट के समय बिना किसी भेदभाव के मानव सेवा कर सके। इसी उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय रेडक्रोस आंदोलन की शुरुआत हुई।

संस्था का मुख्य उद्देश्य मानवता की सेवा, पीड़ितों की सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार रक्तदान को प्रोत्साहन तथा जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाना है। रेडक्रोस आज विश्वभर में निष्पक्ष एवं मानवीय सेवा के लिए जानी जाती है।

पाली रेडक्रोस सोसायटी द्वारा भी लगातार जनहित के अनेक कार्य किए जा रहे हैं। संस्था समय-समय पर रक्तदान शिविर चिकित्सकीय शिविर एवं अस्पतालों में नवीनीकरण कार्य करवाती है। इसके साथ ही विद्यालयों में गरीब बच्चों को कॉपी पेन पेंसिल विद्यालय बैग एवं पानी की बोतलों का वितरण किया जाता है। संस्था गरीब बच्चियों के विवाह में दहेज सामग्री एवं आर्थिक सहयोग भी प्रदान करती है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत निक्षय पोषण किट वितरण योजना के तहत 200 टीबी रोगियों को गोद लिया गया है जिन्हें भामाशाह न्यारा एनर्जी लिमिटेड के सहयोग से प्रतिमाह पोषण किट एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने समाज सेवा के कार्यों को और अधिक गति देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मेघराज बम्ब जिनेन्द्र जैन डॉ. जे. पी. उदावत डॉ. महावीर सुराणा विमल मूंदड़ा प्रवीण गोलेच्छा अनिल गुप्ता ओमप्रकाश भण्डारी आनन्द सोलंकी एवं बहादुर सिंह राठौड़ सहित अनेक पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।