एटीएम उखाड़ ले गए चोर
एटीएम उखाड़ ले गए चोर जैसलमेर/जिले के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र के नेहड़ाई गांव में शनिवार रात को बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम बूथ में घुसे और पूरी एटीएम मशीन को ही उखाड़कर ले गए।
रविवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने एटीएम बूथ के दरवाजे टूटे हुए देखे और अंदर से मशीन गायब पाई तो इलाके में हड़कंप मच गया। तुरंत मोहनगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार बदमाशों ने पहले एटीएम बूथ के गेट तोड़े। इसके बाद उन्होंने किसी वाहन से एटीएम मशीन को मजबूत रस्सियों या चेन से बांधा। पूरी मशीन को जोर लगाकर उखाड़ा गया और वे इसे अपने साथ लेकर फरार हो गए। एटीएम में मौजूद नकदी का सही आकलन बैंक की ओर से किया जा रहा है
मोहनगढ़ थाना पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने बताया कि चोरों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कराई गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस इस संगठित गिरोह की पहचान करने की कोशिश कर रही है। इस चोरी की घटना से ग्रामीण इलाकों में बैंकों और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहें हैं।