राजकीय कन्या महाविद्यालय में कल होगा सघन पौधरोपण अभियान, तैयारियां अंतिम चरण में

राजकीय कन्या महाविद्यालय में कल होगा सघन पौधरोपण अभियान, तैयारियां अंतिम चरण में

राजकीय कन्या महाविद्यालय में कल होगा सघन पौधरोपण अभियान, तैयारियां अंतिम चरण में

वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही 

लाडनूं। राजकीय कन्या महाविद्यालय, लाडनूं एवं भारत विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को महाविद्यालय परिसर में सघन पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

कार्यक्रम की पूर्व तैयारियों के तहत सोमवार को महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्राओं ने श्रमदान कर परिसर की व्यापक साफ-सफाई की तथा पौधरोपण के लिए गड्ढों का निर्माण किया। अभियान के लिए आवश्यक पौधे भी मंगवा लिए गए हैं। महाविद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर निर्माण को लेकर उत्साह का वातावरण है तथा कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गजादान चारण ने कहा कि पौधरोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और भावी पीढ़ियों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में "एक छात्रा–एक रूंख" एवं "एक शिक्षक–एक रूंख" की अवधारणा पर प्रत्येक पौधे को स्वैच्छिक रूप से गोद लेकर उसके संरक्षण एवं संवर्द्धन का दायित्व संबंधित छात्रा एवं शिक्षक द्वारा निभाया जाएगा। इससे पौधरोपण केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर सतत संरक्षण का जनआंदोलन बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधे को जीवित रखना ही वास्तविक पौधरोपण है तथा छात्राओं की सक्रिय भागीदारी उनमें पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का विकास करेगी।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रो. सुरेन्द्र कागट ने बताया कि अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार एवं पर्यावरण हितैषी पौधे लगाए जाएंगे। पौधरोपण के साथ-साथ उनके नियमित संरक्षण एवं देखभाल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि लगाए गए सभी पौधे विकसित होकर हरित परिसर के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

भारत विकास परिषद के संरक्षक हनुमान प्रसाद जांगिड़ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। समाज और शैक्षणिक संस्थानों के संयुक्त प्रयासों से ही हरित एवं स्वच्छ वातावरण का निर्माण संभव है। भारत विकास परिषद सदैव ऐसे जनकल्याणकारी एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों में सक्रिय सहयोग देती रही है और भविष्य में भी यह सहयोग निरंतर जारी रहेगा।

भारत विकास परिषद, लाडनूं शाखा के अध्यक्ष ब्रजेश माहेश्वरी ने कहा कि भारत विकास परिषद देशभर में व्यापक स्तर पर पाँच प्रमुख प्रकल्पों का संचालन करती है, जिनमें 'पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन प्रकल्प' एक महत्वपूर्ण प्रकल्प है। इसी प्रकल्प के अंतर्गत परिषद ने राजकीय कन्या महाविद्यालय, लाडनूं परिसर को 'हरित परिसर' के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महाविद्यालय प्रशासन, प्राध्यापकों, छात्राओं एवं परिषद के संयुक्त प्रयासों से यह संकल्प निश्चित रूप से साकार होगा। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण का वास्तविक उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण एवं संवर्द्धन के माध्यम से उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करना है। जनभागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान स्थायी सफलता प्राप्त कर सकेगा।

महाविद्यालय प्रशासन ने सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों, छात्राओं एवं पर्यावरण प्रेमियों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा पौधरोपण को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करने का आह्वान किया है