कन्या महाविद्यालय सघन पौधरोपण कार्यक्रम सम्पन्न

कन्या महाविद्यालय सघन पौधरोपण कार्यक्रम सम्पन्न

कन्या महाविद्यालय सघन पौधरोपण कार्यक्रम सम्पन्न

वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही 

लाडनूं। राजकीय कन्या महाविद्यालय, लाडनूं एवं भारत विकास परिषद, लाडनूं के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को महाविद्यालय परिसर में सघन पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 200 पौधों का रोपण कर हरित परिसर निर्माण का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर नीम, करंज, शीशम, अशोक, कनेर सहित विभिन्न छायादार एवं पुष्पीय पौधे लगाए गए।

प्राचार्य *डॉ. गजादान चारण* ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। महाविद्यालय में *‘एक शिक्षक-एक रूंख’* एवं *‘एक छात्रा-एक रूंख’* अभियान के तहत लगाए गए सभी पौधों को गोद लेकर उनका संरक्षण किया जाएगा, ताकि यह अभियान स्थायी हरित विरासत का रूप ले सके।

भामाशाह *हुनमान मल जांगिड़* ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। समाज के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण के ऐसे प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य का आधार बनेंगे।

भारत विकास परिषद, लाडनूं के अध्यक्ष *ब्रजेश माहेश्वरी* ने कहा कि परिषद सेवा, संस्कार एवं समर्पण के मूल मंत्र के साथ समाजोपयोगी गतिविधियों का संचालन करती है तथा पौधरोपण जैसे कार्यक्रम सामाजिक सहभागिता को भी सुदृढ़ बनाते हैं।

*नवोदय ऊर्जा सोसायटी, राजस्थान के पूर्व अध्यक्ष आनंद चौधरी* ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में कम से कम एक पौधे के संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाले वर्षों में पर्यावरण संतुलन की दिशा में उल्लेखनीय परिवर्तन संभव है। उन्होंने युवाओं से पौधरोपण को सामाजिक दायित्व के रूप में अपनाने का आह्वान किया।

भारत विकास परिषद के प्रांतीय वित्त सचिव *पुरुषोत्तम सोनी* ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के अस्तित्व के आधार हैं। प्रत्येक व्यक्ति प्रतिवर्ष एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण सुनिश्चित करे तो हरित एवं समृद्ध भारत का सपना साकार हो सकता है।

इस अवसर पर भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित *‘गुरुवंदन-छात्र अभिनंदन’* कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शिक्षकों का सम्मान किया गया। वहीं होनहार छात्राओं *शारदा सांसी*, *मनीषा मेघवाल* एवं *निशा खींची* का अभिनंदन कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई।

कार्यक्रम में परिसर से खरपतवार हटाने में सहयोग देने पर अभिभावक *प्रभुराम बेरा* का सम्मान किया गया। साथ ही सुनारी गांव के पर्यावरण प्रेमी युवाओं की *बाल-गोपाल सेना* का पौधरोपण एवं इसकी पूर्व तैयारियों में दिए गए सहयोग के लिए भावभीना स्वागत किया गया। वक्ताओं ने युवाओं की सकारात्मक सामाजिक भागीदारी को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणादायी बताया।

भामाशाह *हुनमान मल जांगिड़* के सौजन्य से 5 से 7 फीट ऊंचाई वाले पौधे निजी नर्सरी से मंगवाए गए। कार्यक्रम में *डॉ. दिव्या माथुर*, *डॉ. सुमन गोदारा*, *मनोहर खान मोयल* तथा *अफसाना बानो* मंचासीन रहे।

कार्यक्रम का संयोजन *प्रो. सुरेन्द्र कागट* ने करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। अंत में पूर्व विद्यार्थी परिषद समिति की महासचिव *अफसाना बानो* ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।