रूडकली एक ही रात में दो मकानों में चोरी
रूडकली एक ही रात में दो मकानों में चोरी
जोधपुर। 13 मार्च/ डांगियावास थाना क्षेत्र के रुडकली गांव में एक ही रात में दो अलग-अलग मकानों में चोरी की वारदात होना सामने आया है। अज्ञात चोर घरों में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी ले उड़े। दोनों ही मामलों में डांगियावास थाना पुलिस अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना में रुडकली मेघवालों का बास निवासी दिनेश पुत्र बाबूराम मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि 12 मार्च की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुस आए। आवाज सुनकर परिवार के लोग जागे तो संदिग्ध व्यक्ति भागते नजर आए। बाद में घर की जांच करने पर एक बक्सा गायब मिली जिसमें सोने-चांदी के जेवरात और करीब ढाई लाख रुपये नकद रखे हुए थे।
वहीं दूसरी ओर इसी गांव के निवासी चेतनराम ने भी डांगियावास थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि 12 मार्च की मध्यरात्रि अज्ञात चोर उसके घर में घुस गए और सोने-चांदी के आभूषण तथा नगदी चुरा ले गए।
दोनों घटनाओं को लेकर डांगियावास थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दोनों मामलों की जांच हैड कांस्टेबल महेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में जांच कर रही है और चोरों की तलाश में जुटी हुई है।