घटिया सड़क निर्माण पर सवाल ठेकेदार–विभाग की मिलीभगत का आरोप*
*घटिया सड़क निर्माण पर सवाल ठेकेदार–विभाग की मिलीभगत का आरोप*
जोधपुर सालावास–सरेचा मार्ग पर चल रहा सड़क निर्माण कार्य अब विवादों में घिरता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों ने ठेकेदार के साथ-साथ संबंधित विभाग की भूमिका पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। आरोप है कि तय मानकों को दरकिनार कर घटिया निर्माण किया जा रहा है जबकि विभागीय अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के नाम पर सिर्फ मिट्टी गिट्टी डाल दी गई है। न तो निर्धारित मोटाई का पालन किया गया न लेवलिंग हुई और न ही रोलर से संपीड़न किया गया। निर्माण गुणवत्ता इतनी कमजोर बताई जा रही है कि पहली ही बरसात में सड़क के बह जाने की आशंका जताई जा रही है।
*सूचना पट्टिका नदारद*
निर्माण स्थल पर नियमों के अनुसार लगने वाली सूचना पट्टिका भी नहीं लगाई गई है। इससे लागत, समय-सीमा और जिम्मेदार एजेंसी की जानकारी सार्वजनिक नहीं हो पा रही जिससे पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।
*शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं*
ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद न तो सामग्री की जांच हुई और न ही काम की गुणवत्ता पर ध्यान दिया गया। उड़ती धूल और बिखरी गिट्टी के कारण हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।
*स्वतंत्र जांच की मांग*
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से निर्माण कार्य की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराने, दोषी ठेकेदार का भुगतान रोकने और लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो मामला आंदोलन तक जा सकता है।