दुन्दाड़ा में पंचम जैन स्नेह मिलन कार्यक्रम
*संसदीय कार्य मंत्री ने दुन्दाड़ा में पंचम जैन स्नेह मिलन कार्यक्रम को किया संबोधित*
*प्रदेश सरकार प्रवासी राजस्थानियों को मातृभूमि से जोड़ने के लिए कृत संकल्पित–श्री पटेल*
जोधपुर /दुन्दाड़ा में जैन संघ का पंचम स्नेह मिलन कार्यक्रम शुक्रवार को संसदीय कार्य विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल और राजस्थान जीव जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंतसिंह बिश्नोई के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ।
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा हमारे यशस्वी मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रवासी राजस्थानियों को मातृभूमि से जोड़ने के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा दुनिया भर में रहने वाले प्रवासी राजस्थानियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने के लिए 10 दिसंबर को प्रथम प्रवासी राजस्थानी दिवस का भव्य आयोजन जयपुर में किया गया।
*राजस्थान फाउंडेशन के 14 नए चैप्टर की होगी स्थापना*
श्री पटेल ने कहा प्रदेश और प्रवासी समुदाय के जुड़ाव को मजबूत करने के उद्देश्य से राजस्थान फाउंडेशन के 14 नए चैप्टर की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा इनमें से 9 विदेशों और 5 देश के विभिन्न राज्यों में स्थापित किए जाएंगे।
*प्रवासी राजस्थानियों के हितों के लिए नए विभाग का गठन*
श्री पटेल ने कहा प्रवासी राजस्थानियों के हितों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी मामले विभाग का गठन किया गया है। उन्होंने कहा यह विभाग संवाद, सहयोग, निवेश तथा सांस्कृतिक जुड़ाव को बढ़ाने के लिए एक प्रभावी मंच के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने कहा ‘प्रवासी राजस्थानी नीति’ जारी की गई है, जो विश्वभर में बसे राजस्थानियों को पहचान, सुविधा और निवेश के लिए रोडमैप प्रदान करेगी।
*9 ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे का होगा निर्माण*
विधि मंत्री ने कहा राज्य सरकार ने 2 वर्ष के कार्यकाल में राजस्थान के समग्र विकास के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने के लिए राजस्थान में 9 ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण करवाया जा रहा हैं। उन्होंने कहा हमारी सरकार के 2 वर्षों के कार्यकाल में सड़कों के विकास पर 27 हजार 238 करोड़ रुपये व्यय कर 39 हजार 891 किमी सड़कों का विकास किया गया है।
*अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत 1275 स्टेशनों का हो रहा पुनर्विकास*
श्री पटेल ने कहा राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू किए गए जिसमें से 8 लाख करोड़ रुपये के एमओयू धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने कहा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत 1275 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा देश भर में रेल, रोड़ और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा हैं, जिससे प्रवासी बंधुओं का अपनी मातृभूमि तक सुगम पहुंच सुनिश्चित होगी।
*ये रहे उपस्थित*
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य चैनाराम पटेल प्रशासक दुन्दाड़ा सूजाराम चौधरी अजय सिंह श्री जैन संघ के अध्यक्ष महावीर पालरेचा सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे।