ठगी की आरोपी गिरफ्तार 

ठगी की आरोपी गिरफ्तार                    जोधपुर के उदय मंदिर थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज ठगी मामले में महिला आरोपी पूजा खींची को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी पट्टा और वसीयत बनाकर मकान बेचने के नाम पर लाखों रुपये ठगने का आरोप है।

पीड़ित दिनेश गहलोत निवासी खोखरिया बेरा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उन्हें पावटा क्षेत्र में मकान की जरूरत थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात पूजा खींची से हुई जिसने खुद को मदन सिंह की बेटी बताते हुए लोहार कॉलोनी पावटा स्थित एक मकान का मालिक बताया। उसने कहा कि यह मकान उसे वसीयत के जरिए मिला है और वह इसे बेचना चाहती है। सौदा 45 लाख रुपये में तय हुआ जिसके तहत 13 अक्टूबर को 50 हजार रुपये एडवांस दिए गए और बाद में 11 लाख 51 हजार रुपये का इकरारनामा कराया गया। इसके अलावा पूजा ने एक लाख रुपये बैंक से भी ट्रांसफर करवा लिए।

कुल 12 लाख 51 हजार रुपये लेने के बावजूद आरोपी रजिस्ट्री कराने में लगातार टालमटोल करती रही। शक होने पर पीड़ित ने दस्तावेजों की जांच करवाई तो पता चला कि पट्टा और वसीयत दोनों ही फर्जी हैं। जांच में यह भी सामने आया कि पूजा पहले भी इसी तरह कई लोगों से ठगी कर चुकी है।

जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया और धमकी दी। पीड़ित ने यह भी बताया कि आरोपी ने अपने पिता मदन सिंह के नाम पर पट्टा बनवाया, जबकि लोहार कॉलोनी में केवल लोहार जाति के लोगों को ही पट्टे जारी होते हैं, ऐसे में यह पट्टा नियमों के खिलाफ और फर्जी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उदय मंदिर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।