जलदाय विभाग के खिलाफ फूटा गुस्सा महिलाओं ने किया उपखंड कार्यालय पर उग्र प्रदर्शन फोड़े मटके
जलदाय विभाग के खिलाफ फूटा गुस्सा
महिलाओं ने किया उपखंड कार्यालय पर उग्र प्रदर्शन फोड़े मटके
वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही
सोजत। बार-बार ध्यान आकृष्ट करवाने के बावजूद जलदाय विभाग द्वारा पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुचारू नहीं करने, दूषित मटमैला पानी सप्लाई करने एवं प्रेशर की कमी तथा पेयजल आपूर्ति के दौरान विद्युत कटौती को लेकर आक्रोशित सोजत की जनता जिनमें महिलाएं एवं पुरुष शामिल थे, सिरवियों का बास किले की घाटी के नीचे से खाली कनस्तर बजाते हुए तथा मटके सिर पर लिए "पानी दो, पानी दो वरना कुर्सी छोड़ दो" के नारे लगाते हुए उपखण्ड कार्यालय पहुंचे जहाँ आक्रोशित महिलाओं ने जमकर नारेबाजी एवं उग्र प्रदर्शन किया तथा मटके फोड़े एवं उपखण्ड अधिकारी मार्सिगा राम जोगिड़ को ज्ञापन दिया।
एक बार फिर मिला आश्वासन -
उपखण्ड कार्यालय पर आक्रोशित महिलाओं द्वारा प्रदर्शन को देखते हुए उपखण्ड अधिकारी जोगिड़ ने जन स्वास्थ्य अभियान्त्रिकी विभाग के अधिशाषी अभियन्ता एवं सहायक अभियन्ता प्रवीण वर्मा को उपखण्ड कार्यालय बुलाया जहाँ आंदोलनकारियों एवं प्रशासन के बीच वार्ता हुई, जिस पर जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने तीन दिन का वक्त माँगा। जिस पर आंदोलनकारियों ने पांच दिन का समय देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में सुधार नहीं हुआ तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा जिसकी समस्त जिम्मेदारी जलदाय विभाग की होगी।
यह थे उपस्थित -
आंदोलन प्रदर्शन में पूर्व फौजी अशोक सैन, पूर्व पार्षद मोहन लाल सीरवी, राकेश खींची, पारस चन्देल, जवरीलाल सैन, माणक चंद गुंजल, मीरा बाई, उगरी बाई, सोहनी देवी, लादु देवी, भंवरी, सुखिया देवी, चुन्नी देवी, केफली, तिजाई, रमाबाई, केली बाई, इंदिरा देवी, मँगलाराम, ओमप्रकाश, प्रदीप, लक्ष्मण चौधरी, पुनाराम, भगवान सिंह, कानाराम आदि उपस्थित थे।