समय पर जांच-पूर्ण उपचार, टी.बी. से मुक्ति

समय पर जांच-पूर्ण उपचार, टी.बी. से मुक्ति

*’समय पर जांच-पूर्ण उपचार टी.बी. से मुक्ति का यही है उपाय-जिला कलेक्टर’*

पालीअप्रैल। पाली जिले में टी.बी. उन्मूलन को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। जिला कलेक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा टी.बी. मुक्त भारत अभियान के तहत 100 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य टी.बी. रोग की शीघ्र पहचान निःशुल्क उपचार एवं जन-जागरूकता बढ़ाना है।

उन्होंने बताया कि टी.बी.एक संक्रामक बीमारी है जिसका समय पर उपचार संभव है। यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी बुखार वजन में कमी रात में पसीना आना बलगम में खून आना या सीने में दर्द जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करानी चाहिए।

जिले में टी.बी. जांच को अधिक सरल और प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता युक्त हस्त चलित 3 एक्स-रे मशीन उपलब्ध है जिसके माध्यम से रोग की शीघ्र पहचान की जा रही है।

कलेक्टर ने बताया कि जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में टी.बी. की जांच एवं उपचार पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध है। साथ ही टी.बी. से ग्रसित मरीजों को उपचार अवधि के दौरान सरकार द्वारा प्रति माह ₹ एक हजार की पोषण सहायता भी प्रदान की जाती है जिससे मरीज शीघ्र स्वस्थ हो सकें।

उन्होंने ग्राम पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में टी.बी. के प्रति जागरूकता फैलाएं तथा संभावित मरीजों को जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करें।

जिला कलेक्टर ने आमजन से भी आह्वान किया कि वे इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें और अपने परिवार एवं समाज को टी.बी. मुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।