एयर शो, रोबोटिक्स और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा टाबर–2026
*एयर शो, रोबोटिक्स और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा टाबर–2026*
*पाली में करियर डे पर बच्चों के सपनों को मिली नई उड़ान*
रिपोर्ट वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही

महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, पुलिस लाइन, पाली में आयोजित “टाबर–2026 एडुटेनमेंट फेयर” ने सोमवार को पूरे जिले में शिक्षा, तकनीक और प्रतिभा का नया उत्साह भर दिया। स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस (करियर डे) के अवसर पर आयोजित इस भव्य आयोजन में पाली जिले के सरकारी विद्यालयों के 500 से अधिक छात्र–छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एयर शो, एयर मॉडलिंग, रोबोटिक्स एवं रोबो–एआई स्टॉल रहे, जिन्होंने बच्चों को विज्ञान, तकनीक और भविष्य के करियर विकल्पों से रूबरू कराया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पाली के सचिव श्री विक्रम सिंह भाटी द्वारा किया गया, उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को कानूनी अधिकार, आत्मविश्वास और जीवन में सही दिशा चुनने में मदद करते हैं।
इस अवसर पर उपस्थित अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने भी विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेन्द्र प्रसाद लेखारा ने कहा कि टाबर जैसे आयोजन सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रतिभा दिखाने का मंच देते हैं और उनमें करियर के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।
इस अवसर पर इं इनडीड़ फाउंडेशन के चेयरमैन श्री विक्रम राजोला ने कहा कि यह मेला बच्चों के सपनों को उड़ान देने का प्रयास है, जिससे वे आत्मनिर्भर और जागरूक नागरिक बन सकें।
इनडीड़ फाउंडेशन के कार्यक्रम प्रबंधक श्री देवकिशन परमार ने बताया कि टाबर–2026 का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के बच्चों को शिक्षा, तकनीक, खेल और संस्कृति के माध्यम से आत्मविश्वास देना और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करना है।मेले में पुलिस लाइन स्कूल, मिल एरिया बालिका विद्यालय, एमजीजीएस पुनायता एवं जीएसएसएस निबाड़ा सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

100 मीटर दौड़ (बालक एवं बालिका वर्ग) में बच्चों ने शानदार प्रतिस्पर्धा दिखाई। वहीं सोलो सिंगिंग, ग्रुप डांस और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे परिसर को उत्सव में बदल दिया।
कविता पाठ (पोएट्री प्रतियोगिता) में विजेता विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन श्री हेमंत कुमार द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे आयोजन को ऊर्जावान और अनुशासित बनाए रखा।
टाबर–2026 एडुटेनमेंट फेयर पाली जिले के सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, तकनीक, खेल, संस्कृति और करियर मार्गदर्शन का एक यादगार और प्रेरणादायक संगम सिद्ध हुआ।