शादी के नाम पर युवक से 2.80 लाख और गहने ठगकर दुल्हन भागी
शादी के नाम पर युवक से 2.80 लाख और गहने ठगकर दुल्हन भागी
रिपोर्ट वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही
सोजत | बिलावास निवासी एक युवक शादी के नाम पर ठगी का शिकार हो गया। विवाह के महज एक माह बाद दुल्हन अपने भतीजे का जन्मदिन मनाने अहमदाबाद जाने का बहाना बनाकर 30 हजार रुपए नकद और शादी में मिले गहनों सहित फरार हो गई।
युवक ने कविता सहित छह जनों के खिलाफ सोजत सिटी थाने में मामला दर्ज कराया है। सीआई देवेंद्रसिंह ने बताया कि बिलावास निवासी प्रकाश ने रिपोर्ट दी कि 5 अक्टूबर, 2024 को सोजत सिटी निवासी शेराराम और घेवरराम उसके परिवार से मिले। उन्होंने कहा कि रतलाम में उनके परिचित परिवार की एक युवती है। प्रकाश ने बताया कि 6 अक्टूबर को वह परिजनों के साथ अजमेर गया, जहां कविता नामक युवती और उसके कथित परिजन मिले। दोनों पक्षों की सहमति के बाद 7 अक्टूबर को 2.50 लाख रुपए नगद देकर 500 रुपए के स्टांप पेपर पर लिखापढ़ी के साथ शादी की गई। एक माह बाद कविता ने अहमदाबाद में भतीजे का जन्मदिन मनाने जाने की बात कही। वह घर से 30 हजार रुपए और गहने लेकर चली गई। शुरू में फोन पर बातचीत होती रही, बाद में उसने कॉल उठाना बंद कर दिया।
छह लोगों पर केस :
प्रकाश ने बताया कि कुल 2.80 लाख रुपए और गहनों की ठगी की गई। पुलिस ने दुल्हन कविता, सोजत सिटी निवासी शेयराम, घेवरराम, ब्यावर निवासी प्रकाश, मेड़ता सिटी निवासी डूंगरमल तथा रतलाम (एमपी) निवासी कंचन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।