प्रवासी भामाशाह ने विद्यालय भवन निर्माण के लिए दिए तीन करोड़ रुपये’
प्रवासी भामाशाह ने विद्यालय भवन निर्माण के लिए दिए तीन करोड़ रुपये’
’आओ गांव चलें अभियान से प्रेरित होकर पिलोवनी गांव के लिए की महत्वपूर्ण घोषणा’
पाली, 13 जुलाई। जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी की पहल पर प्रवासी पालीवासियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित आओ गांव चलें अभियान को लगातार जनसहयोग मिल रहा है। अभियान से प्रेरित होकर चेन्नई निवासी एवं मूलतः रानी ब्लॉक के पिलोवनी गांव के प्रवासी भामाशाह ताराचन्द जैन ने जिला कलक्टर से मुलाकात कर अपने गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पिलोवनी के लिए नवीन विद्यालय भवन निर्माण हेतु तीन करोड़ रुपये की लागत से सहयोग देने का सहमति पत्र सौंपा।
जिला प्रशासन ने इस जनहितकारी सहयोग के लिए भामाशाह ताराचन्द जैन का हार्दिक आभार व्यक्त किया। जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने कहा कि आओ गांव चलें अभियान का उद्देश्य प्रवासी पालीवासियों को अपनी मातृभूमि के विकास से जोड़ना है। अभियान के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनवाड़ी सहित विभिन्न जनोपयोगी कार्यों में प्रवासी भामाशाहों का सहयोग प्राप्त किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रवासी जनों के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है तथा विकास कार्यों को नई गति मिल रही है। अभियान के माध्यम से जिले के अनेक प्रवासी अपनी जन्मभूमि के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।
-------------------------