मूर्ति स्थापना मेले की तैयारियां जोर-शोर से जारी
जन्मोत्सव एवं मूर्ति स्थापना मेले की तैयारियां जोर-शोर से जारी।a
पाली /श्री झूलेलाल भगवान के 24वें वंशज ब्रह्मलीन सूर्यवंशी ठकुर सांई आसनलाल साहिब के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 25वें वंशज ब्रह्मलीन सूर्यवंशी परम पूज्य ठकुर सांई ओमलाल साहिब जी की मूर्ति स्थापना महोत्सव 6, 7 एवं 8 मई को श्री झूलेलाल ठकुर आसनलाल मंदिर पी एंड टी कॉलोनी में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। इस पावन अवसर को लेकर तैयारियां इन दिनों जोर-शोर से चल रही हैं।
हेमन्त तनवानी ने बताया कि इस तीन दिवसीय आयोजन में मूर्ति पूजा, भव्य शोभायात्रा, हवन-पूजन, मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा, पूज्य बहिराणा साहिब सहित अनेक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और श्रद्धामय बनाने के लिए सभी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पीयूष आडवाणी ने जानकारी दी कि इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक रोशनी एवं पुष्प सज्जा से सजाया जाएगा। साथ ही मंदिर परिसर और मेला प्रांगण की भी भव्य सजावट की जाएगी। सिंधी कॉलोनी से पी एंड टी कॉलोनी मंदिर तक विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार लगाए जाएंगे, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सवमय वातावरण बनेगा।
आयोजन की तैयारियों के लिए सभी सेवादारों एवं समाजजनों को अलग-अलग दायित्व सौंप दिए गए हैं। सभी श्रद्धा, उत्साह और समर्पण भाव से अपनी-अपनी सेवाओं में जुटे हुए हैं। यह महोत्सव समाज की आस्था, भक्ति, एकता और सांस्कृतिक परंपरा का सुंदर संगम प्रस्तुत करेगा।
मेले की तैयारियों में श्री झूलेलाल ठकुर आसनलाल मंदिर, पी एंड टी कॉलोनी तथा समस्त सिंधी समाज के सेवादार पूरी निष्ठा के साथ सक्रिय रूप से लगे हुए हैं।