भैरोसिंह शेखावत की मूर्ति का हुआ अनावरण
भैरोसिंह शेखावत की मूर्ति का हुआ अनावरण जोधपुर /रातानाडा चौराहे पर गुरुवार को भैरोसिंह शेखावत की मूर्ति का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि रहे।
राजनाथ सिंह ने कहा- भैरोसिंह शेखावत का योगदान हमेशा अमर रहेगा। लंबे समय से राजनीतिक क्षेत्र में काम कर रहा हूं। कई लोग लंबे समय से राजनीति में हैं, लेकिन शेखावत ने राजनीति समाज ओर देश बनाने के लिए की। राजनीति में कोई भी उन पर आरोप नहीं लगा सकता।
उन्होंने कहा- आज जब एक देश एक चुनाव की बात चल रही है। सबसे पहले शेखावत ने ही सुझाव दिया था कि लोकसभा और विधानसभा के चुनाव साथ करवाया जाएं। इससे धन और समय की बचत भी होगी। इससे विकास कार्यों में निरंतरता भी बनी रहती हैँ ।
राजनीति में जनसंघ को स्थापित करने का श्रेय शेखावत को जाता है। राजस्थान में पर्यटन को प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचाने का काम उन्होंने किया।
उन्होंने कहा- आज भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बोलता है। सारी दुनिया सुनती है कि भारत क्या कह रहा है। राजनाथ सिंह ने कहा कि भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास के नए आयाम छू रहा है। जिस तरीके से वो राज्य को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। अपने राजनीतिक अनुभव के आधार पर कह जा सकता है कि आने वाले समय में एक सफल राजनीतिक के तौर पर शर्मा का नाम लिया जाएगा।राजनाथ सिंह ने कहा- देश में अब तक 131 बार राज्य सरकारों को धारा 356 लगाकर केंद्र सरकार ने हटाया है। इनमें से 100 बार तो कांग्रेस की केंद्र सरकार ने ये काम किया है। उन दिनों इसके बावजूद भी राजनीतिक कटुता देखने को नहीं मिलती थी। राजस्थान में भैरोसिंह शेखावत का व्यवहार बहुत सटीक था।उन्होंने राजनीतिक कटुता को अपने जीवन में स्थान नहीं दिया।
राजनाथ सिंह ने कहा- देश इस समय सही दिशा में जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पेट्रोल डीजल खर्च कम करने की अपील की । हम लोगों ने भी अपने काफिले को 50 प्रतिशत से कम कर दिया है। देश की जनता भी इसमें मदद कर रही है।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, शहर भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल, देहात जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी, शहर विधायक अतुल भंसाली सहित भाजपा नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं राजनेताओं व पत्रकारों के बैठने की माकूल व्यवस्था नहीं थी भीषण गर्मी के चलते लोग परेशान दिखे।