मां ने निभाया फर्ज, बेटी को लगाया एचपीवी टीका*
*मां ने निभाया फर्ज, बेटी को लगाया एचपीवी टीका*
*जिले में चल रहा HPV टीकाकरण अभियान पाली में बन रहा प्रेरणा की मिसाल*
पाली 1 मई 2026/ जब स्वास्थ्यकर्मी खुद अपनी बेटियों को सुरक्षा दे रहे हैं… तो हम क्यों पीछे रहें?”
पाली जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान अब सिर्फ एक सरकारी पहल नहीं, बल्कि एक भावनात्मक आंदोलन बनता जा रहा है।
सोजत ब्लॉक के चंडावल नगर स्थित राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक ऐसा ही प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया। यहां कार्यरत एलएचवी सुनीलता परिहार ने अपनी 14 वर्षीय बेटी भूमिका परिहार को अपने हाथों से एचपीवी वैक्सीन लगाकर न केवल एक मां का फर्ज निभाया, बल्कि पूरे समाज को एक सशक्त संदेश भी दिया।बेटी के 14वें जन्मदिन के कुछ दिन बाद मां ने उसे यह “सुरक्षा का उपहार” दिया। टीकाकरण के बाद भूमिका पूरी तरह स्वस्थ है और अब वह खुद भी अन्य बालिकाओं को इस टीके के प्रति जागरूक करने में आगे आ रही है। उसकी मुस्कान और आत्मविश्वास इस बात का प्रमाण है कि सही समय पर लिया गया निर्णय भविष्य को सुरक्षित बना सकता है।
*विश्वास की मजबूत मिसाल*
चंडावल सीएचसी के प्रभारी डॉ. महावीर सिंह भदावत का कहना है कि जब स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी स्वयं अपने परिवार से इसकी शुरुआत करते हैं, तो समाज में विश्वास अपने आप बढ़ता है। यह उदाहरण लोगों के मन में फैली झिझक को दूर करने में बेहद अहम भूमिका निभा रहा है।
*स्वास्थ्य विभाग की अपील*
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष की बेटियों को समय पर एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा, “आज का एक छोटा सा कदम आपकी बेटी के जीवन की बड़ी सुरक्षा बन सकता है।”
*एक छोटी पहल, बड़ा बदलाव*
एलएचवी सुनीलता परिहार का यह कदम अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। उनकी पहल से प्रेरित होकर कई महिलाओं ने अपनी बेटियों का टीकाकरण करवाने का संकल्प लिया है।
*समाज को दिया जागरूकता का संदेश*
आरसीएचओ डॉ विजेंद्रपाल सिंह चुंडावत बताते है कि यह कहानी सिर्फ एक मां-बेटी की नहीं बल्कि उस बदलते समाज की है जहां जागरूकता विश्वास और जिम्मेदारी मिलकर एक सुरक्षित भविष्य का निर्माण कर रहे हैं।