कोयले की टाल में लगी भीषण आग 

कोयले की टाल में लगी भीषण आग 

कोयले की टाल में लगी भीषण आग 

वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही 

सोजत। निकटवर्ती ग्राम रूपावास में शुक्रवार रात एक कोयले की टाल में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि दूर-दूर तक धुएं और आग की लपटें दिखाई देने लगी। सूचना मिलते ही सोजत पाली और जाडन से अग्निशम्मन वाहन मौके पर पहुंचे और करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। नगर पालिका के सहायक कर्मचारी सद्दाम हुसैन शेख ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे गौशाला के पीछे स्थित कोयले की टाल में अचानक आग लग गई।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और वहां रखी बबूल की लकड़ियां व कोयला इसकी चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। वहीं सोजत एवं जाडन से पहुंचे अग्निशमन दल ने जेसीबी मशीन और दमकल वाहनों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल वाहन लगातार हिंगावास गौशाला से पानी भरकर लाते रहे और आग बुझाने में जुटे रहे। करीब 3 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद देर रात आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग से बड़ी मात्रा में कोयला और बबूल की लकड़ियां जलकर राख हो गई। हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास के क्षेत्र और गौशाला को बड़े नुकसान से बचा लिया गया। घटना के बाद देर रात तक मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।