मुंबई-राजस्थान रूट पर रेल संकट गहराया, अतिरिक्त कोच और नई ट्रेन की मांग तेज 

Rail crisis deepens on Mumbai-Rajasthan route, demand for additional coaches and new trains intensifies

मुंबई-राजस्थान रूट पर रेल संकट गहराया, अतिरिक्त कोच और नई ट्रेन की मांग तेज 

मुंबई-राजस्थान रूट पर रेल संकट गहराया, अतिरिक्त कोच और नई ट्रेन की मांग तेज 

_विशेष संवाददाता, मुंबई_  

मुंबई। रेल यात्रा बड़ी मुसीबत बन गई है। मुंबई और राजस्थान के बीच चलने वाली ट्रेनों में भारी भीड़, लंबी वेटिंग लिस्ट और टिकट न मिलने से रोजाना लाखों यात्री परेशान हैं। छुट्टियों और शादी-ब्याह का सीजन शुरू होते ही हालात और बिगड़ गए हैं। इसी समस्या को लेकर राजस्थान मीटर गेज प्रवासी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पांडे से मुलाकात की। संघ ने मौजूदा ट्रेनों में तत्काल अतिरिक्त कोच जोड़ने और मुंबई-जोधपुर के बीच एक नई नियमित ट्रेन शुरू करने की मांग रखी। संघ के अध्यक्ष विमल रांका ने कहा कि जोधपुर एयरपोर्ट महीने भर के लिए बंद है और हवाई किराया आसमान छू रहा है। ऐसे में पूरा दबाव रेल पर है। हर ट्रेन पैक चल रही है, वेटिंग 300 पार जा रही है। जब तक नई ट्रेन नहीं चलती, हर गाड़ी में ज्यादा से ज्यादा एक्स्ट्रा कोच लगाए जाएं। 

प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष सिद्धराज लोढ़ा, सज्जन रांका, विनोद लोढ़ा और नरेंद्र मांडोत भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि मुंबई से जोधपुर, जयपुर, उदयपुर जाने वाली हर ट्रेन में नो-रूम की स्थिति है। यात्री महीनों पहले भी कन्फर्म टिकट नहीं ले पा रहे। महाप्रबंधक रामाश्रय पांडे ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त कोच लगाने पर कार्रवाई जारी है और मुंबई-राजस्थान के बीच नई ट्रेन के प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार होगा।  प्रवासी संघ के सचिव निरंजन परिहार ने इस प्रक्रिया को तेज करने की जरूरत बताई है। 

गौरतलब है कि राजस्थान मीटर गेज प्रवासी संघ पिछले 5 दशक से इस रूट पर रेल सुविधाएं बढ़ाने के लिए संघर्ष कर रहा है। संघ का कहना है कि विशेष ट्रेन अस्थायी राहत देगी, लेकिन स्थायी समाधान के लिए मुंबई-आबूरोड-जोधपुर के बीच एक और नई नियमित ट्रेन जरूरी है। फिलहाल यात्रियों को उम्मीद है कि रेलवे के आश्वासन जल्द जमीन पर उतरेंगे और सफर आसान होगा।