जिले को नशामुक्त बनाने का संकल्प*

जिले को नशामुक्त बनाने का संकल्प*

ANTF और गैर-सरकारी संगठनों ने मिलाया हाथ, जिले को नशामुक्त बनाने का संकल्प*

​पाली, 23 मई। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) दिनेश एम. एन. और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के महानिरीक्षक (IG) विकास कुमार के विशेष दिशा-निर्देशों के तहत शनिवार को पाली में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। भालेलाव रोड स्थित एएनटीएफ कार्यालय में आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज में फैली नशे की कुरीतियों को समाप्त करना और एक स्वस्थ समाज का निर्माण करना था।

बैठक का आयोजन एएनटीएफ की पाली चौकी के प्रभारी सूरजभान सिंह राणावत और वागाराम के आतिथ्य में संपन्न हुआ। बैठक की महत्ता को देखते हुए इसमें क्षेत्र के तीन प्रमुख नशा मुक्ति केंद्रों के प्रतिनिधियों, विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) और समर्पित वॉलंटियर्स ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बैठक के दौरान इस बात पर गहराई से मंथन किया गया कि किस प्रकार पुलिस और आम जनता मिलकर नशे के इस जाल को तोड़ सकते हैं। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे समाज के हर वर्ग को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें और यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों का कारोबार या तस्करी हो रही है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस और एएनटीएफ टीम को देकर एक जिम्मेदार नागरिक का फर्ज निभाएं।

​बैठक में एएनटीएफ टीम ने पिछले तीन महीनों के दौरान जिले में की गई ताबड़तोड़ कार्रवाइयों और नशीले पदार्थों की जब्ती का लेखा-जोखा भी साझा किया, जिससे उपस्थित वॉलंटियर्स का उत्साहवर्धन हुआ। इस दौरान सामाजिक सरोकार और नशामुक्त अभियान से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें कालूराम कालीराणा, महेंद्र मेंदा, सुभाष मुंड, मनोहर गिरी गोस्वामी, मनोज, अजीत, किशन, रमेश और भूपेंद्र सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक (वॉलंटियर्स) शामिल थे। सभी ने एक सुर में प्रशासन के इस अभियान को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाने तथा पाली जिले को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का दृढ़ संकल्प लिया।