सोजत शहर काजी तीस साल की सेवाओं के बाद सेवा निवृत्त मुस्लिम समाज ने किया भव्य स्वागत सत्कार
सोजत शहर काजी तीस साल की सेवाओं के बाद सेवा निवृत्त मुस्लिम समाज ने किया भव्य स्वागत सत्कार
वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही
सोजत। शहर काजी मौलाना हाजी कमरउद्दीन रिज़वी ने लगभग 30 वर्षों तक मुस्लिम समाज की धार्मिक एवं सामाजिक सेवाएं देने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बेहद सादगी पसंद, सूफी तबियत के धनी और इस्लामी मामलों के गहरे जानकार हाजी कमरउद्दीन रिज़वी ने अपने पूरे कार्यकाल में ईमानदारी, विनम्रता और निष्पक्षता के साथ शहर काजी की जिम्मेदारी निभाई। वे वर्षों से मदरसा इस्लामिया में रहकर बच्चों को दीनी तालीम देते रहे हैं। साथ ही सोजत की जुम्मा मस्जिद के पेश इमाम के रूप में भी अपनी सेवाएं प्रदान की।

धार्मिक ज्ञान, संतुलित व्यक्तित्व और शांत स्वभाव के कारण काजी की पहचान केवल सोजत तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरे क्षेत्र में एक सम्मानित आलिम और प्रतिष्ठित शख्सियत के रूप में बनी। समाज के हर वर्ग में उन्हें विशेष सम्मान और आदर की दृष्टि से देखा जाता रहा। शुक्रवार को नमाज-ए-जुम्मा के बाद सोजत की जुम्मा मस्जिद में हाजी कमरउद्दीन रिज़वी का नमाजियों ने साफा व माला पहनाकर भव्य सम्मान एवं इस्तकबाल किया। इसके बाद जुलूस के रूप में उन्हें मदरसा इस्लामिया ले जाया गया, जहां मुस्लिम औकाफ कमेटी के तत्वावधान में शहर के मुस्लिम समाज द्वारा उनका सामूहिक स्वागत एवं सम्मान किया गया। रास्ते में जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई। ढाल की गली पर फकीर मोहम्मद पठान व उनकी टीम ने स्वागत किया वहीं मालियों की हवेली के पास भाजपा अल्पसंख्यक महामंत्री पप्सा सिलावट, पार्षद मोहम्मद शहजाद सिलावट, सिलावट समाज सदर हाजी अब्दुल हमीद ठेकेदार, असलम मिस्त्री, मोहम्मद साजिद ठेकेदार, अनवर पठान, इकबाल कम्पाउंडर, मास्टर हाजी अब्दुल सलीम सिलावट, अयूब जनरल, यासीन छीपा ने उनका स्वागत किया। समाज के लोगों का कहना है कि उन्होंने हमेशा भाईचारे, सद्भाव और धार्मिक मूल्यों को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। इस अवसर पर समाज के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
