आंगनबाड़ी कर्मियों ने कलेक्ट्रेट के सामने किया विरोध-प्रदर्शन मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
आंगनबाड़ी कर्मियों ने कलेक्ट्रेट के सामने किया विरोध-प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
दौसा। जिलेभर की आंगनबाड़ी कर्मियों ने अपनी मांगो को लेकर मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट के सामने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में आंगनबाड़ी कर्मियों ने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा काफी लम्बे समय से आंगनबाड़ी कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी नही की गई है। ऐसे में न्यूनतम मजदूरी के रूप में 18 हजार रूपए प्रतिमाह की जाए। साथ ही उन्होंने बताया कि पूर्व की तरह मानदेय एक साथ वित्त विभाग के आदेशानुसार माह की दिनांक 1 से 5 तक आवश्यक रूप से जमा कराने के लिए विभाग को पाबंद किया जाए। केंद्र सरकार की योजनाओं में पीएमएमवीवीई का कार्य तकनीकी सहायक द्वारा भरा जाता था लेकिन उनको अब इस कार्य से मुक्त कर दिया गया है। जिसके कारण कार्यकर्ताओं को यह फॉर्म ऑनलाइन भरना पड़ता है ग्रामीण क्षेत्र में नेटवर्क के कारण कार्य पूर्ण नही हो पाता है पूर्व की तरह पुनः तकनीकी सहायकों को लगाया जाए। इसके अलावा सेवानिवृति पर कई राज्यों में ग्रेच्युटी के रूप में 2 से 3 लाख दिए जा रहे है राजस्थान राज्य में भी सेवानिवृति पर ग्रेच्युटी के रूप में 13 लाख रूपए एकमुश्त दिलाने के साथ साथ पेंशन के रूप में 5 लाख रूपए प्रतिमाह दिए जाए। वहीं एनटीटी टीचर के स्थान पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को लगाया जाए। हाल ही में मोबाइल कंपनी द्वारा रिचार्ज की राशि में बढ़ोतरी की गई है ऐसे में बढ़ी हुई राशि के अनुसार ही रिचार्ज राशि का भुगतान भी कराया जाए। इस दौरान बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कर्मी मौजूद रहीं।