तिलक नगर द्वितीय में भव्य अंजन शलाका प्रतिष्ठा महोत्सव
तिलक नगर द्वितीय में भव्य अंजन शलाका प्रतिष्ठा महोत्सव
*परमात्मा के जन्म कल्याणक विधान में आस्था एवं भक्ति का हुआ संगम*
परमात्मा के जन्म कल्याणक विधान में उमड़े श्रद्धालु।
भदवासिया स्थित तिलक नगर द्वितीय में नवनिर्मित भव्य फलवृद्धि पार्श्वनाथ जिनालय के सप्त दिवसीय प्रतिष्ठा महोत्सव के दूसरे दिन परमात्मा के जन्म कल्याणक विधान में श्रद्धालु आस्था एवं भक्ति के रंग से सराबोर हो झूमते नजर आए। फल वृद्धि तपागच्छ संघ के मीडिया प्रभारी दिलीप जैन एवं सचिव विक्रम बागरेचा ने बताया कि आचार्य अरविंदसागर सुरीश्वर एवं गणिवर्य अमरपद्मसागर साध्वी अर्चित गुणा एवं साध्वी अर्पितगुणा के सानिध्य में चतुर्विद संघ की उपस्थिति में परमात्मा के जन्म कल्याणक विधान के विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन एस.एस मेहता साधना संकुल हॉल में किया गया। संघ के कोषाध्यक्ष चमनराज मेहता एवं ट्रस्टी अशोक पारख ने बताया कि परमात्मा जन्म विधान के तहत आयोजित अनुष्ठानों में 56 दिक्ककुमरी विधान, मेरु पर्वत पर 250 अभिषेक परमात्मा के 18 अभिषेक ध्वज दंड एवं कलश अभिषेक सहित चेत्याभिषेक जैसे कई धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। ट्रस्टी जवरीलाल सालेचा एवं ट्रस्टी ललित पोरवाल ने बताया कि 3 फरवरी मंगलवार को कार्यक्रम के तीसरे दिन प्रातः 9 बजे छप्पन दिक्ककुमारी, इंद्राणी महोत्सव इंद्रासन कंपायन प्रभु जन्म बधाई तथा भुआ-भुरोसा द्वारा नामकरण जैसे जन्म कल्याणक से संबंधित प्रसंगों का राजदरबारनुमा बनी क्षत्रियकुंड नगरी के भव्य स्टेज पर जीवंत मंचन किया जाएगा। संघ के सहसचिव श्रवण एवं ट्रस्टी दिनेश दुगड़ ने बताया कि दोपहर 2.30 बजे म्यूजिकल गांव सांझी एवं मेंहदी का आयोजन भी किया जाएगा। जिसमें प्रसिद्ध जैन भजन गायिका मोनिका जैन द्वारा तथा सायंकाल 7.30 बजे आयोजित म्यूजिक कॉन्सर्ट में मुंबई के जैनम वारिया द्वारा भजनों की सरिता बहाई जाएगी।