सोजत न्यायालय के चारों न्यायिक अधिकारियों को भावभीनी विदाई

सोजत न्यायालय के चारों न्यायिक अधिकारियों को भावभीनी विदाई

सोजत न्यायालय के चारों न्यायिक अधिकारियों को भावभीनी विदाई

बार-बैंच के समन्वय को बताया न्याय व्यवस्था की मजबूती का आधार

वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही 

सोजत। सोजत न्यायालय में कार्यरत चारों न्यायिक अधिकारियों के अन्यत्र स्थानांतरण पर बार एसोसिएशन सोजत द्वारा सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्यायपालिका एवं अधिवक्ताओं के बीच वर्षों से बने सौहार्दपूर्ण संबंधों की झलक देखने को मिली।

बार एसोसिएशन सोजत अध्यक्ष देवेंद्र व्यास के नेतृत्व में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री दिनेश कुमार गढ़वाल, एसीजेएम साधना सिंह, न्यायिक मजिस्ट्रेट शिवदान चौधरी एवं अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुराधा दाधीच का साफा, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन अपर लोक अभियोजक पंकज त्रिवेदी ने किया।

अपने संबोधन में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री दिनेश कुमार गढ़वाल ने कहा कि “न्यायालय केवल कानून की प्रक्रिया का स्थान नहीं, बल्कि आमजन के विश्वास का केंद्र होता है। सोजत में बार एवं बैंच के बीच सदैव सकारात्मक समन्वय रहा, जिसने न्यायिक कार्यों को सुगम बनाया।” एसीजेएम साधना सिंह ने कहा कि सोजत में मिला सहयोग एवं आत्मीयता सदैव स्मरणीय रहेगा। न्यायिक मजिस्ट्रेट शिवदान चौधरी ने अधिवक्ताओं के सहयोग को न्यायिक कार्यप्रणाली की शक्ति बताया, वहीं अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुराधा दाधीच ने कहा कि “सम्मान और संवाद की भावना ही न्याय व्यवस्था को अधिक संवेदनशील बनाती है।”

समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद भाटी, भवानी सिंह एवं सुरेंद्र वैष्णव ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सभी न्यायिक अधिकारियों की कार्यशैली, समयबद्ध निर्णय एवं सौम्य व्यवहार की प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि अधिकारियों ने अपने कार्यकाल में निष्पक्ष एवं पारदर्शी न्यायिक व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए न्यायालय की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

कार्यक्रम में अधिवक्ताओं, न्यायिक कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही तथा पूरे आयोजन का वातावरण आत्मीयता एवं सम्मान से ओतप्रोत रहा।