खाकी से संवाद और कानून का पाठ
खाकी से संवाद और कानून का पाठ: झंवर थाने पहुंची आत्मरक्षा शिविर की 100 बालिकाएं
झंवर/एसकेबी चिल्ड्रन एकेडमी सेकेंडरी स्कूल डोली और पुलिस आयुक्तालय जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे 10-दिवसीय बालिका आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर की कड़ी में आज एक महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किया गया। शिविर के पिछले 7 दिनों से लगातार आत्मरक्षा के शारीरिक और मानसिक गुर सीख रहीं तकरीबन 100 बालिकाओं ने आज झंवर थाना का दौरा किया। आज के इस सत्र का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को कानून की बारीकियों और पुलिस की आंतरिक कार्यप्रणाली से रूबरू करवाना था।थाना विजिट के दौरान बालिकाओं ने महिला सुरक्षा कानूनी धाराओं एफआईआर (FIR) की प्रक्रिया और अपराध नियंत्रण से संबंधित कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे। झंवर थानाधिकारी प्रहलाद सिंह मीणा ने बच्चियों की जिज्ञासाओं का सम्मान करते हुए बहुत ही धैर्य और विस्तार के साथ उनके सभी प्रश्नों का जवाब दिया। इस दौरान SI गोविंद सिंह ASI ओमप्रकाशऔर धन्नाराम जी ने बालिकाओं को थाने के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण करवाया और बताया कि पुलिस किस तरह तकनीक और कानून की मदद से समाज को सुरक्षित रखती है।
इस विशेष सत्र के दौरान पुलिस टीम का बेहद मानवीय और स्नेहपूर्ण चेहरा भी सामने आया, जहाँ उन्होंने सभी बच्चियों को सप्रेम अल्पाहार करवाया। पुलिस प्रशासन के इस व्यवहार ने बालिकाओं के मन में पुलिस के प्रति विश्वास को और गहरा किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेशदान चारण केसीसी ने बालिकाओं के साहस की सराहना करते हुए कहा कि, "शारीरिक रूप से सक्षम होने के साथ-साथ कानून की जानकारी होना भी बेटियों के लिए अनिवार्य है। ऐसी विजिट से उनमें एक जागरूक नागरिक बनने का आत्मविश्वास पैदा होता है।"
शिविर के सह-संयोजक जबर सिंह राजपुरोहित ने बताया कि यह शिविर आगामी 4 जनवरी को प्रदर्शन और प्रमाण पत्र वितरण के साथ संपन्न होगा।