अम्बेडकर जयंती पर समाजसेवी दिनेश पंवार होंगे राज्य स्तर पर सम्मानित*
अम्बेडकर जयंती पर समाजसेवी दिनेश पंवार होंगे राज्य स्तर पर सम्मानित*
पाली,13 अप्रैल। भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को पाली शहर के समाजसेवी एवं पूर्व पार्षद दिनेश पंवार (आऊवा) को राजस्थान सरकार द्वारा जयपुर में राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें समाजसेवा के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जा रहा है।
दिनेश पंवार पिछले 36 वर्षों से निरंतर समाजहित एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक अभियानों, जरूरतमंदों की सहायता, जनसमस्याओं के समाधान तथा जनजागरूकता के कार्यों के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उनके कार्यों का लाभ समाज के विभिन्न वर्गों को निरंतर मिलता रहा है।
पूर्व पार्षद के रूप में भी उन्होंने आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को गति प्रदान की। समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग के लिए सदैव तत्पर रहने वाले पंवार ने सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया है।
राज्य सरकार द्वारा उनके चयन की घोषणा के बाद पाली शहर में हर्ष का माहौल है। विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया है।
दिनेश पंवार के चयन पर पूर्व सांसद पुष्प जैन, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, पूर्व सभापति महेन्द्र बोहरा, रेडक्रॉस सचिव जिनेंद्र जैन तथा देवीलाल सांखला सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए पंवार को बधाई दी है एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
-----