बंदियों से संवाद कर व्यवस्थाओं की ली जानकारी*
*न्यायिक अधिकारियों ने उप कारागृह सोजत का किया आकस्मिक निरीक्षण*
*बंदियों से संवाद कर व्यवस्थाओं की ली जानकारी*
पाली,31 जनवरी/ राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार जिला एवं सेशन न्यायाधीश पाली राजेन्द्र कुमार सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला न्यायाधीश) पाली विक्रम सिंह भाटी एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पाली ऋचा चौधरी द्वारा आज उप कारागृह सोजत का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उप कारागृह में कुल 31 बंदी निरुद्ध पाए गए। न्यायिक अधिकारियों द्वारा बंदियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनके लिए उपलब्ध स्वच्छ पेयजल, स्नान एवं धुलाई हेतु जल व्यवस्था व्यक्तिगत स्वच्छता सामग्री कपड़े धोने की सामग्री रसोईघर बैरक एवं शौचालयों की स्थिति तथा स्वच्छता व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
इस अवसर पर जिला एवं सेशन न्यायाधीश द्वारा बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजना के संबंध में जानकारी प्रदान की गई, ताकि कोई भी बंदी विधिक सहायता के अभाव में कारागृह में निरुद्ध न रहे। साथ ही ऐसे बंदियों के संबंध में भी जानकारी ली गई जिनकी जमानत स्वीकृत होने के पश्चात भी निरुद्ध होने की स्थिति थी तथा उन्हें उनके प्रकरणों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया।
निरीक्षण के दौरान नवागंतुक बंदियों से संवाद कर घटना/आरोपित अपराध के समय उनकी आयु संबंधी जानकारी भी प्राप्त की गई।
इस अवसर पर धर्मपाल डूडी उप कारापाल सोजत रणजीत सिंह मुख्य प्रहरी उप कारागृह सोजत सहित संबंधित कारागृह कार्मिक उपस्थित रहे।