प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त-गहलोत
जोधपुर फायरिंग कांड पर अशोक गहलोत का सरकार पर हमला
पूर्व मुख्यमंत्री बोले- प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त, अपराधियों में बढ़ा विश्वास और आमजन में डर
जोधपुर। 20 जून। जोधपुर में आपसी रंजिश के चलते युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसी स्थिति बनी है जब गृह विभाग पूरी तरह विफल नजर आ रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा कि जोधपुर में एक व्यक्ति को सरेआम दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटना और फिर गोली मारकर हत्या कर देना इस बात का जीता-जागता प्रमाण है कि प्रदेश में कानून- व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की खौफनाक घटनाएं स्पष्ट संकेत देती हैं कि अपराधियों के मन से कानून और पुलिस का डर समाप्त हो चुका है। वर्तमान हालात में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, जबकि आम नागरिक भय के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
गहलोत ने आरोप लगाया कि सरकार की नाकामी के कारण स्थिति पूरी तरह उलट गई है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में "आमजन में डर बढ़ रहा है और अपराधियों में विश्वास" की स्थिति बन गई है, जो किसी भी सभ्य समाज के लिए बेहद चिंताजनक और खतरनाक है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि सरकार को अपनी "कुंभकर्णी नींद" से जागना चाहिए और प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को सुधारने के लिए ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।