भूतनाथ में नि:शुल्क साफा प्रशिक्षण शिविर शुरू
भूतनाथ में नि:शुल्क साफा प्रशिक्षण शिविर शुरू
जोधपुर 19 मार्च/ भारतीय नववर्ष के उपलक्ष्य में पुष्करणा सृजन सोसायटी एवं पुष्करणा चिंतन के संयुक्त तत्वावधान में भूतनाथ मंदिर पार्क में चार दिवसीय नि:शुल्क साफा बांधने का प्रशिक्षण शिविर गुरुवार से प्रारंभ हुआ। सुबह हल्की बूंदाबांदी के बावजूद पहले ही दिन नन्हे बालकों, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने जोधपुरी पेच को समझते हुए आकर्षक साफा बांधने का अभ्यास किया।
शिविर संयोजक सोमदत्त हर्ष ने बताया कि शिविर का उद्घाटन सीआरपीएफ के सेवानिवृत्त कमांडेंट जे.के. जोशी ने किया जबकि तिलम संघ राजस्थान गंगानगर के सेवानिवृत्त जनरल मैनेजर एम.के. पुरोहित ने अध्यक्षता की। 19 से 22 मार्च तक चलने वाले इस शिविर में प्रतिदिन प्रातः 7 से 8 बजे तक ख्यातनाम प्रशिक्षक मनोज बोहरा एवं उनकी टीम द्वारा साफा बांधने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शिविर में जोधपुरी पेच सहित विभिन्न प्रकार के साफे बांधने की विधियां सिखाई जा रही हैं। प्रशिक्षक मनोज बोहरा ने बताया कि साफा राजस्थान की आन-बान और शान का प्रतीक है, और इसे बांधना हर व्यक्ति को आना चाहिए। उन्होंने कहा कि साफा बांधने की तकनीक को समझना आसान है जिसे थोड़े अभ्यास से कुशलता में बदला जा सकता है।
मुख्य अतिथि जे.के. जोशी ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपनी संस्कृति से जुड़कर ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
अध्यक्षता कर रहे एम.के. पुरोहित ने कहा कि साफा केवल परिधान नहीं बल्कि राजस्थान की पहचान है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर समाज में सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने का कार्य करते हैं।
उल्लेखनीय है कि भूतनाथ मंदिर पार्क में वर्ष 2007 से लगातार ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। हर वर्ष सैकड़ों लोग इसमें भाग लेकर साफा बांधने का प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। शिविर के सफल संचालन में राजकुमार वर्मा रमेश सिसोदिया रामजी व्यास एवं अनिल बोहरा का विशेष सहयोग रहा।