Honoured with Marwar Ratna title in ceremonies dedicated to service to the nation
देश सेवा को समर्पित समारोहों में मारवाड़ रत्न के सम्मान से किया अलंकृत
रान (पाली )मरुधर महिला शिक्षण संघ विद्यापीठ विद्यावाड़ी को वीर दुर्गादास राठौड़ की 387वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को मारवाड़ की गौरवशाली परंपरा और देश सेवा को समर्पित समारोहों में मारवाड़ रत्न के सम्मान से अलंकृत किया गया।
मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर जोधपुर में आयोजित 'मारवाड रत्न सम्मान समारोह' सैनाचार्य अचलानंद गिरी महाराज सहित संतजनों की पावन सानिध्य एवं पूर्व महाराजा गजसिंह और हेमलता राजे की ओर से सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में देश विदेश की 17 विभूतियों को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। जिसमें विद्यावाड़ी को बालिका शिक्षा में अद्वितीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। संस्था की तरफ से अध्यक्ष कांतिलाल मेहता पूर्व अध्यक्ष पोपटलाल सुन्देशा, सचिव कैलाश कावेड़िया ने शिरकत की ।
संस्था के पूर्व अध्यक्ष पोपटलाल सुन्देशा ने सम्मान प्राप्त करते हुए कहा कि यह सम्मान मात्र एक संस्था का नहीं बल्कि जैन समाज के दूरदर्शी भामाशाहों , समाज सुधारकों ,संस्था के समस्त पदाधिकारियों के साथ साथ वहां पढ़ने वाली छात्राओं , शिक्षकों एवं अभिभावकों का सम्मान हैं।
गौरतलब है कि ये समारोह 12 मई को जोधपुर के स्थापना दिवस पर होना था, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर के कारण स्थगित कर दिया गया था।समारोह में पूर्व नरेश गजसिंह ने कहा कि वीर दुर्गादास द्वारा मातृभूमि के लिए किया गया त्याग अमर है। ये सौभाग्य की बात है कि उनके जैसे चरित्रवान व्यक्तित्व का जन्म मारवाड़ की धरती पर हुआ, जिन्होंने अपने गुणों से मारवाड़ का नाम विश्वविख्यात किया। संस्था निदेशक राकेश गर्ग ने बताया कि समारोह में मरुधर महिला शिक्षण संघ विद्यावाड़ी खिमेल को राजमाता कृष्णा कुमारी मारवाड़ रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया वहीं डॉ. ललित के. पंवार, डॉ. नोर्बट पीबॉडी,प्रेम भण्डारी, प्रो. सुभाष चंद्र लाखोटिया,ब्रिगेडियर सौरभ सिंह शेखावत, फेतसिंह व स्व. जॉन सिंह, डॉ. वंदना सिंह, पद्मश्री बतुल बेगम , डॉ. भवानी सिंह पातावत, अमन सिंह,लता कच्छवाहा, संदीप मुटोरिया, अवनि लेखरा, पलकी शर्मा उपाध्याय, दीपसिंह भाटी और चंद्रप्रकाश देवल आदि का सम्मान किया गया।