स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियों से सजे असाधारण पोस्टर, गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 का हुआ विमोचन

स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियों से सजे असाधारण पोस्टर, गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 का हुआ विमोचन

*स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियों से सजे असाधारण पोस्टर, गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 का हुआ विमोचन*

*गाँधी जीवन दर्शन पर आधारित राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह में देशभर की प्रतिभाओं का होगा सम्मान*

वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही 

सूरजगढ़। राष्ट्रीय साहित्यिक, सांस्कृतिक व सामाजिक संस्थान आदर्श समाज समिति इंडिया के तत्वावधान में श्री बजरंग लाल गाँधी स्मृति दिवस के अवसर पर 1 सितंबर 2026 को सूरजगढ़ स्थित होटल रानी बाग में आयोजित होने वाले गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह के पोस्टर का विमोचन समारोहपूर्वक किया गया। पोस्टर का विमोचन राष्ट्रीय सरपंच संघ की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं काजड़ा प्रशासक मंजू तंवर के नेतृत्व में किया गया। पोस्टर विमोचन के अवसर पर आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी, कार्यक्रम आयोजन समिति की प्रमुख सदस्य सुनील गाँधी, पूजा स्वामी, राय सिंह शेखावत, सुमन मेघवाल, माया कुमावत, सुरेश सिंह शेखावत, रामप्रताप कटारिया, मंजू कुमावत, सरजीत कुमावत, विनोद शर्मा, अशोक कुमावत, धर्मेंद्र सिंह शेखावत सहित आयोजन समिति से जुड़े अनेक सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

पोस्टर विमोचन के दौरान मंजू तंवर ने कहा कि आदर्श समाज के प्रणेता एवं समाजसेवी व स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय श्री बजरंग लाल गाँधी की स्मृति में आदर्श समाज समिति इंडिया द्वारा प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह एवं गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड का आयोजन किया जाता है। यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि समाजसेवा, राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले इस समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया जाता है। राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह की प्रमुख सदस्य सुनील गाँधी ने बताया कि समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, न्याय, शांति, स्वच्छता, हस्तकला, पर्यावरण संरक्षण, कला एवं संस्कृति, विज्ञान एवं अनुसंधान, साहित्य एवं पत्रकारिता, नृत्यकला, योग, संगीत, खेल, राष्ट्रसेवा एवं समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया जायेगा। समारोह में समाज के सभी वर्गों, जातियों और धर्मों के लोगों की सहभागिता रहती है, जिससे यह आयोजन सामाजिक एकता और समरसता का सशक्त संदेश देता है।

इस अवसर पर समारोह के पोस्टर की विशेष चर्चा रही। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 का यह पोस्टर सामान्य प्रचार सामग्री नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रसेवा और सामाजिक चेतना की गौरवशाली स्मृतियों को समर्पित एक असाधारण पोस्टर है। पोस्टर में स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी महान विभूतियों के ऐतिहासिक छायाचित्रों को प्रमुखता से स्थान दिया गया है। पोस्टर के एक ओर 1938 की राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की ऐतिहासिक तस्वीर के साथ नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल तथा अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के छायाचित्र अंकित किये गये हैं। इसके साथ ही समाजसेवी एवं स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय श्री बजरंग लाल गाँधी का छायाचित्र भी प्रमुखता से लगाया गया है, जिनकी स्मृति में यह राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। पोस्टर के दूसरी ओर भी स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रनिर्माण से जुड़ी महान विभूतियों के छायाचित्रों को स्थान दिया गया है। इसमें स्वतंत्रता सेनानी एवं भारत रत्न सीमांत गाँधी खान अब्दुल गफ्फार खान, राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी, स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी समाजसेविका मृदुला साराभाई, मनु गाँधी सहित अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के छायाचित्र अंकित हैं। इस प्रकार पोस्टर में एक ओर स्वतंत्रता आंदोलन की संघर्षगाथा और दूसरी ओर राष्ट्रसेवा, सामाजिक चेतना तथा मानवीय मूल्यों की परंपरा को दर्शाने का प्रयास किया गया है। पोस्टर की यही विशेषता इसे सामान्य आयोजन पोस्टरों से अलग और प्रभावशाली बनाती है।

पोस्टर में श्री बजरंग लाल गाँधी स्मृति दिवस- 1 सितंबर 2026, राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह तथा गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। पोस्टर की पृष्ठभूमि में गाँधीवादी जीवन, ग्रामीण परिवेश, सामाजिक सहभागिता और जनसेवा से जुड़े दृश्य भी दिखाई देते हैं, जो समारोह की मूल भावना को अभिव्यक्त करते हैं। पोस्टर के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के आदर्शों को वर्तमान पीढ़ी तक पहुँचाने तथा समाजसेवा और राष्ट्रसेवा के प्रति नई पीढ़ी को प्रेरित करने का संदेश दिया गया है।

आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी ने बताया कि 1 सितंबर 2026 को होटल रानी बाग, सूरजगढ़ में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से लेखक, कवि, साहित्यकार, पत्रकार, कलाकार, समाजसेवी और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाएं शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि समारोह का उद्देश्य उन प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है, जो बिना किसी भेदभाव के समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। धर्मपाल गाँधी ने कहा कि श्री बजरंग लाल गाँधी का जीवन सादगी, सेवा, सामाजिक चेतना और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणादायी मिसाल रहा है। उनके स्मृति दिवस पर आयोजित यह समारोह उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने और समाज में सेवा की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड के माध्यम से ऐसे लोगों को सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी, समर्पण और निरंतर सेवा के माध्यम से समाज के लिए सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

उन्होंने कहा कि समारोह में देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाली प्रतिभाओं की सहभागिता इसे वास्तव में राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान करेगी। आयोजन समिति समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है और अधिक से अधिक प्रतिभाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों, राष्ट्रनिर्माताओं तथा समाजसेवियों की तस्वीरों से सजा यह पोस्टर नई पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता आंदोलन, त्याग, सेवा और सामाजिक समरसता के मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करेगा। गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह का यह पोस्टर आयोजन का प्रचार ही नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली विरासत और समाजसेवा की भावना को जन-जन तक पहुँचाने वाला प्रेरणादायी संदेश भी है।