खुशवीर सिंह जोजावर ने कलेक्ट्रर को सौंपा ज्ञापन
खुशवीर सिंह ने कलेक्ट्रर को सौंपा ज्ञापन पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही लूट, चोरी और हत्या की घटनाओं को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में आज पूर्व विधायक खुशवीर सिंह जोजावर ने पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन को ज्ञापन सौंपकर कानून व्यवस्था सुधारने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि हाल ही में मारवाड़ जंक्शन थाना क्षेत्र के कराड़ी गांव में सीरवी समाज की एक वृद्ध महिला की दिनदहाड़े गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई थी, लेकिन आज तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। इससे पहले भी क्षेत्र में कई लूट, चोरी और हत्या की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनका खुलासा अब तक नहीं हुआ है।
पूर्व विधायक खुशवीर सिंह जोजावर ने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग दिन के समय भी घर से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र में हुई सभी घटनाओं के आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सख्त किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 7 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई, तो जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।