मिर्ची डालकर लूटी सोने की चेन
मिर्ची डालकर लूटी सोने की चेन
पाली/ शहर में एक बार फिर चेन स्नेचिंग की सनसनीखेज वारदात हुई है, जिससे नागरिकों में दहशत का माहौल है। चौंकाने वाली बात यह है कि पाली शहर में पिछले 24 घंटों के भीतर यह दूसरी ऐसी घटना है जो पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
ताजा घटना आज सुबह जय नगर के निकट नहर के पास हुई जब दो युवक मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक अपनी दैनिक वॉक पर था तभी पैदल आए दो अज्ञात युवकों ने उसे निशाना बनाया। बदमाशों ने अचानक हमला बोलते हुए युवक की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया जिससे वह कुछ देख या प्रतिक्रिया नहीं कर पाया। इसी का फायदा उठाकर लुटेरों ने उसके गले में पहनी सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।
दिनदहाड़े हुई इस घटना की सूचना मिलते ही, कोतवाली थाना क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कोतवाली थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपुरोहित तत्काल अपनी पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित युवक से घटना की विस्तृत जानकारी ली और आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया।
पुलिस अब लुटेरों की पहचान और उनकी धरपकड़ के लिए आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। थाना प्रभारी राजपुरोहित ने बताया कि दोनों युवक सुबह वॉक कर रहे थे तभी यह वारदात हुई। पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश में जुट गई हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही हैं। शहर में लगातार हो रही इन वारदातों ने पुलिस प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।