लोकतंत्र रक्षा के संकल्प के साथ ABVP सोजत ने निकाली विशाल मशाल यात्रा
लोकतंत्र रक्षा के संकल्प के साथ ABVP सोजत ने निकाली विशाल मशाल यात्रा
वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही

सोजत। भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), सोजत इकाई द्वारा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जनजागरण एवं लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में विशाल मशाल यात्रा का आयोजन किया गया। मशाल यात्रा का शुभारंभ आडा बाजार स्थित चारभुजा मंदिर से हुआ, जो मुख्य बाजार से होकर उपखंड कार्यालय तक पहुँची। यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा एवं नागरिक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने हाथों में मशाल लेकर लोकतंत्र, संविधान एवं नागरिक अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया।

इस अवसर पर परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय है, जिससे लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और नागरिक अधिकारों के महत्व को समझने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि युवाओं का दायित्व है कि वे लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहें और संविधान की गरिमा तथा नागरिक स्वतंत्रताओं के संरक्षण के लिए सदैव सजग रहें।मशाल यात्रा के समापन पर लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके संघर्ष एवं बलिदान को नमन किया गया। परिषद ने लोकतंत्र की रक्षा एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष एव पूर्व विभाग संयोजक उगमराज सांखला, एबीवीपी पाली विभाग संयोजक अभिषेक मेवाड़ा, विभाग छात्रा सह प्रमुख सुश्री कोशल्या बरबड़, जिला संयोजक हितेश राठौड़, प्रदेश सोशल मीडिया टीम सदस्य निखिल मेवाड़ा सोजत भाग संयोजक हितेश सोलंकी, नगर एसएफएस संयोजक राहुल राजपुरोहित एवं अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।